



महाराष्ट्र। Explosion In Mosque: महाराष्ट्र के बीड जिले में रविवार सुबह एक मस्जिद में हुए विस्फोट से स्थानीय समुदाय में हड़कंप मच गया है। गेवराई तहसील के अर्धा मसाला गांव में स्थित मस्जिद में यह विस्फोट तड़के करीब ढाई बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, घटना में मस्जिद का अंदरूनी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इस मामले में दो आरोपियों विजय राम गव्हाणे (22) और श्रीराम अशोक सागड़े (24) को गिरफ्तार किया गया है। दोनों बीड के गेवराई तालुका के रहने वाले हैं।
इसे भी पढ़ें- Blast In Space: अंतरिक्ष में हुआ भयानक विस्फोट, 30 लाख डिग्री तक पहुंचा तापमान
गांव में तनाव
यह घटना ऐसे समय हुई है जब प्रधानमंत्री मोदी राज्य के दौरे पर हैं और राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। गांव के सरपंच ने सुबह 4 बजे तलवाड़ा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। बीड के पुलिस अधीक्षक नवनीत कंवत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जा रही है और स्थिति अब नियंत्रण में है।
जिलेटिन से किया विस्फोट
वहीं, गांव के सभी समुदायों के लोगों ने मस्जिद को हुए नुकसान की मरम्मत की जिम्मेदारी ली है। उनका कहना है कि, इस गांव का सौहार्द कोई नहीं बिगाड़ सकता। पुलिस ने बताया कि यह विस्फोट जिलेटिन की छड़ों से किया गया, जिसे किसी व्यक्ति ने मस्जिद के पिछले हिस्से से अंदर फेंका।
लोगों ने किया प्रदर्शन
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि, दोनों आरोपियों ने इस घटना को अंजाम देने से पहले इसकी योजना बनाई थी। विस्फोट के बाद गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। यह घटना ईद-उल-फितर से एक दिन पहले हुई, जिसके कारण स्थानीय लोगों में गुस्सा देखा गया और लोगों ने प्रदर्शन भी किया।
प्रशासन सतर्क
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना से इलाके में सामुदायिक तनाव बढ़ने की आशंका है, जिसे लेकर प्रशासन सतर्क है। जांच के बाद आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है। मस्जिद में हुए विस्फोट के बीच गांव के एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि, वे त्योहारों को एक साथ मनाने की परंपरा का पालन करते हैं।
शांति समिति की हुई बैठक
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा, “गुड़ी पड़वा त्योहार के दौरान, हिंदू मस्जिद के पास हजरत सैयद बादशाह दरगाह पर जाते हैं।” उन्होंने यह भी कहा कि, आरोपियों ने जिलेटिन की छड़ों का उपयोग करके मस्जिद को उड़ाने की कोशिश की क्योंकि गांव रविवार को गुड़ी पड़वा और ईद मनाने की तैयारी कर रहा था। विस्फोट के बाद, स्थानीय लोग, जो दशकों से सद्भाव में रह रहे हैं, ने मस्जिद को हुए नुकसान की मरम्मत करने का फैसला किया। सुबह गांव में शांति समिति की बैठक भी हुई।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दी प्रतिक्रिया
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “हमें घटना की जानकारी मिली है। यह भी पता लगा लिया गया है कि इसके पीछे कौन है, लेकिन उन्होंने आरोपियों के नाम नहीं बताए। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि, बाकी जानकारी संबंधित पुलिस अधीक्षक देंगे।” उन्होंने यह बयान नागपुर में दिया, जिससे संकेत मिलता है कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है।
इसे भी पढ़ें- Massive Explosion In Bareilly: बरेली में हुआ भीषण विस्फोट, पुलिस ने बटोरे लोगों के चीथड़े