
जयपुर। Elvish Yadav: प्रसिद्ध यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी के विजेता रहे एल्विश यादव का जयपुर टूर विवादों में आ गया है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल ‘एल्विश यादव व्लॉग्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में उनकी गाड़ी को राजस्थान पुलिस की 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन गाड़ी के पीछे चलते दिखाया गया। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर ध्यान आकर्षित किया और पुलिस के कार्यों पर सवाल उठाए।
इसे भी पढ़ें- Elvish Yadav Snake Case: फिर बढ़ सकती हैं एल्विश यादव की मुश्किलें, पुलिस करने जा रही है ये काम
एल्विश यादव को नहीं दी गई है कोई सुरक्षा
जयपुर के एडिशनल पुलिस कमिश्नर रामेश्वर सिंह ने कहा कि एल्विश यादव को कोई पुलिस सुरक्षा नहीं दी गई है। उन्होंने बताया कि एल्विश ने अपनी गाड़ी को पुलिस की गाड़ी के पीछे चलाते हुए वीडियो बनाया और इसे “एस्कॉर्ट” के रूप में दिखाया। एल्विश का ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। इसमें देखा जा सकता है कि पुलिस की 112 नंबर की गाड़ी उनके साथ चल रही है। टोल पर पुलिसकर्मी वीआईपी रास्ता खुलवाने के लिए दौड़ रहा है।
दावे को किया गया ख़ारिज
इस वीडियो में एल्विश यादव ने राजस्थान पुलिस का धन्यवाद किया है, लेकिन जयपुर पुलिस ने इस वीडियो के दावे को खारिज कर दिया है और इसे पुराना बताया है। साथ ही, उन्होंने ये भी कहा कि दोनों लोग जिनका वीडियो में जिक्र है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राजस्थान पुलिस के नियमों के अनुसार, 112 इमरजेंसी गाड़ियां केवल आपातकालीन सेवा के लिए होती हैं। किसी को पुलिस सुरक्षा देने के लिए पहले कमिश्नरेट से अनुमति लेनी होती है और फिर विशेष गाड़ी भेजी जाती है। एल्विश यादव के मामले में इस प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ ने बताया कि विवादित वीडियो के मामले में पुलिस ने दोनों संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि वीडियो की सच्चाई की जांच की जाएगी और उसके बाद उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे। इस में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास का बेटा भी शामिल है। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग इसे पुलिस की लापरवाही मान रहे हैं, जबकि कई लोग एल्विश यादव पर सवाल उठा रहे हैं कि क्या वीडियो जानबूझकर वायरल किया गया है। फ़िलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें- Suhana Khan: सोशल मीडिया पर वायरल हुआ सुहाना का बासी लुक, स्टाइल पर फ़िदा हुए फैंस









Users Today : 27

