



IND vs PAK: महिला टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। न्यूज़ीलैंड की टीम ने उसे महज 110 रन पर ही समेट दिया और 58 अंकों से जीत अपने नाम कर ली। इस हार ने भारत के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज कर दिया। ये भारतीय महिला टीम की टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ी हार है। इस हार के बाद अब भारतीय महिला टीम पाकिस्तान के खिलाफ मैदान में कल उतरेगी। अब देखना ये है कि कल भारतीय टीम क्या कमाल दिखा पाती है।
इसे भी पढ़ें- Women’s T20 World Cup 2024: आज न्यूजीलैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम, ये तीन फैक्टर दिला सकते हैं जीत
टक्कर का हो सकता है मुकाबला
आपको बता दें कि पिछली बार हुए टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को बुरी तरह से शिकस्त दी थी, लेकिन इस बार की बात करें तो भारत की खराब शुरुआत हुई है। उसे उसके पहले ही मैच में न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा है, जिससे वह थोड़ी मायूस है। हालांकि भारत-पाक मैच की बात करें तो यह मुकाबला टक्कर का हो सकता है क्योंकि पाकिस्तान को भारतीय टीम पहले भी मैदान में धो चुकी है।
पहले भी पाकिस्तान को हरा चुकी है इंडिया
गौरतलब है कि टीम इंडिया ने 2023 वीमेंस टी20 विश्वकप में पाकिस्तान की टीम को मैदान में बुरी तरह से रौंदा था। भारत ने यह मुकाबला 7 विकेट से जीता था। इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग ली थी और केपटाउन में 149 रन बनाए थे। इसके जवाब में मैदान में उतरी भारतीय टीम ने 19 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया था। इस मुकाबले में जेमिमा रोड्रिग्ज ने अर्धशतक लगाया था। उन्होंने महज 28 गेंदों में नाबाद 53 रन जड़े थे। इससे पहले भारत ने पाकिस्तान को 2018 में भी मात दी थी। तब भी भारत ने 7 विकेट से मैच जीता था।
यहां देख सकते हैं लाइव
भारत और पाकिस्तान के बीच मैच को फैंस टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स चैनल पर देख सकेंगे। आप अपने स्मार्टफोन पर भी लाइव स्ट्रीम देख सकते हैं। इसके लिए आपके पास Hotstar होना चाहिए। यह मुकाबला 6 अक्टूबर को दोपहर 3:30 बजे से शुरू होगा। इसका आयोजन दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा।
जेमिमा-रेणुका से है उम्मीद
भारत को अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड से हार मिली है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि वह पाकिस्तान के खिलाफ कमबैक कर सकती है। भारत के लिए जेमिमा के साथ-साथ रेणुका सिंह दमदार प्रदर्शन कर सकती हैं। दरअसल, रेणुका ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 ओवरों में 27 रन देकर 2 विकेट लिए थे। वही स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर से भी लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
इसे भी पढ़ें- Womens T20 World Cup 2024: चैंपियन बनने के इरादे से कल मैदान में उतरेगी भारतीय टीम, न्यूजीलैंड से होगा पहला मुकाबला