Home » खेल » Mumbai Indians ने प्लेऑफ़ में बनाई जगह, कौन हैं नमन धीर, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन कर पलट दी बाजी

Mumbai Indians ने प्लेऑफ़ में बनाई जगह, कौन हैं नमन धीर, जिन्होंने शानदार प्रदर्शन कर पलट दी बाजी

News Portal Development Companies In India
Mumbai Indians

Mumbai Indians:  मुंबई इंडियंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 59 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया और  प्लेऑफ में जगह बना ली। प्लेऑफ में पहुंचने वाली मुंबई चौथी टीम बन गई। इससे पहले गुजरात टाइटन्स, बैंगलोर और पंजाब प्लेऑफ में पहुंच चुके हैं। मुंबई इंडियंस इस सीजन के पहले पांच मैचों में से चार हारकर 9वें स्थान पर थी, लेकिन इसके बाद टीम ने अपनी रणनीति बदली और  शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार छह मैच जीते। हालांकि, बीती रात को हुए मुकाबले में पहले 18 ओवर तक मुंबई इंडियंस लड़खड़ाई हुई थी, लेकिन इसके बाद सूर्यकुमार यादव और नमन धीर ने ऐसी शानदार पारी खेली कि पूरा खेल पलट गया।

इसे भी पढ़ें- IPL 2025 Mega Auction: यजुवेंद्र चहल पर बड़ा दांव लगा सकती है मुंबई इंडियंस

121 रन पर ऑलआउट हुई डीसी

Mumbai Indians

इन दोनों खिलाड़ियों ने टीम का स्कोर 180 रनों तक पहुंचा दिया। इसके बाद मुंबई के अनुभवी गेंदबाजों ने मोर्चा संभाला और दिल्ली की टीम को चारों खाने चित करने में जुट गये। मिशेल सेंटनर 4 ओवर में 11 रन देकर तीन 3 विकेट लिए। इनका इकॉनमी- रेट 2.75 रहा। वहीं बुमराह में भी सधी हुई गेंदबाजी करते हुए 3.2 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट झटके। इनका इकॉनमी रेट 3.60 रहा। मुंबई के गेंदबाजों ने दिल्ली कैपिटल्स को 121 रनों पर ऑलआउट कर दिया।

दो बल्लेबाजों ने रखी जीत की नींव

बेशक बुमराह और सैंटनर ने शानदार गेंदबाजी करके दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम को ऑलआउट कर दिया, लेकिन मुंबई की जीत की नींव उसके दो बल्लेबाजों ने  आखिरी दो ओवरों में रख दी थी। दरअसल,  मुंबई का जो 180 का रनों का स्कोर बना था, उसकी कल्पना पूरी टीम ने 18वें ओवर तक नहीं की थी। 18वें ओवर तक मुंबई ने पांच विकेट खोकर मात्र महज 132 रन बनाए थे। इस दौरान एक छोर पर सूर्यकुमार यादव 35 गेंदों पर 45 रन बनाकर खेल रहे थे और उनका साथ नमन धीर दे रहे थे। सूर्यकुमार यादव ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का जड़ा और अगली गेंद पर सिंगल लिया। इसके बाद अगली चार गेंदों पर नमन धीर ने चौकों और छक्कों की बरसात कर दी। उन्होंने एक ही ओवर में दो चौके और दो छक्के लगाये।

फाफ डु प्लेसिस के हाथ से फिसला मैच

इस ओवर में कुल 27 रन बने और स्कोर 132 से 159 पर पहुंच गया। सूर्यकुमार यादव ने 20वें ओवर में भी दो चौके और दो छक्के लगाये और इसी ओवर में 21 रन बटोरे। सूर्य कुमार यादव ने आखिरी दो ओवरों में खेली गई 8 गेंदों पर 28 रन बनाए। वहीं, नमन धीर ने इस ओवर ने 4 गेंदों पर 20 रन बनाए। मैच हारने के बाद अक्षर पटेल के स्थान पर दिल्ली टीम की कप्तानी कर रहे फाफ डु प्लेसिस ने कहा, आखिरी दो ओवर उन पर भारी पड़ गये। डु प्लेसिस ने कहा, मुंबई इंडियंस की मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप ने आखिरी दो ओवरों में जो किया वह कल्पना से परे था, उसकी वजह से ही मैच हमारे हाथ से फिसल गया।

हार्दिक ने की नमन की तारीफ़

Mumbai Indians

उधर, हार्दिक पांड्या ने नमन की तारीफ करते हुए कहा, ‘इस पारी में हम अगर 160 रन भी बना पाते, तो हमें काफी खुशी होती, लेकिन नमन और सूर्यकुमार ने जो किया, वो अविश्वसनीय था।’ मैच के बाद नमन ने सूर्यकुमार यादव के साथ अपनी साझेदारी को लेकर कहा, ‘अगर साझेदारी के जरिए जीत हासिल होती है, तो इससे जाहिर तौर पर काफी खुशी मिलती है।’ नमन ने अपनी  इस शानदार बल्लेबाजी के लिए कप्तान हार्दिक पांड्या और बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड को धन्यवाद दिया और कहा, उन्हीं की सलाह से कर पाया।

इसे भी पढ़ें-  IPL Playoff Status: LSG समेत ये टीमें हुईं प्लेऑफ की दौड़ से बाहर, इन टीमों ने किया क्वालीफाई

नमन ने हार्दिक और पोलार्ड को दिया श्रेय 

नमन ने कहा, “पोलार्ड ने करीब 700 मैच खेले हैं। उनके पास काफी अनुभव है। हम उनके साथ मिलकर प्लान बनाते हैं कि किस गेंदबाज के खिलाफ किस तरह की बल्लेबाजी करनी है। हम उनके साथ बैठकर गेंदबाजों के काफी वीडियो देखते हैं और समझने की कोशिश करते हैं कि उसके साथ कैसी बल्लेबाजी करनी है। मैं उसी हिसाब से प्लान बनाता हूं। कई बार हमारी प्लानिंग के हिसाब से सब कुछ हमारे पक्ष में हो जाता है, लेकिन कई बार नहीं भी होता। आज का दिन हमारे लिए सफल साबित हुआ। पंजाब की टी20 लीग में नमन का स्ट्राइक रेट 192.56 है, और उन्होंने दो शतक भी बनाए हैं। हालांकि, प्रतिभाशाली नमन बड़े मंच पर अवसरों की तलाश में थे, जो उन्हें पहले नहीं मिल पाए थे।

2022 में रणजी में किया था डेब्यू

Mumbai Indians

एक इंटरव्यू में नमन के पिता ने बताया कि 2022 में नमन कनाडा जाने की योजना बना चुके थे, लेकिन उनके पिता ने उन्हें सलाह दी कि कम से कम एक साल और खेलते रहें। उसी साल दिसंबर में, नमन ने पंजाब टीम के लिए रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया। इसके बाद, वह 2023-24 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली पंजाब टीम का हिस्सा बने। इसके बाद 2024 में नमन को मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपये के कॉन्ट्रैक्ट पर साइन किया। चोट की वजह से जब सूर्यकुमार यादव शुरुआती मैचों से बाहर रहे थे, तब अहम नंबर-3 की पोजिशन पर नमन धीर को रखा गया। हालांकि, उस वक्त नमन इस नंबर पर बड़ी पारी नहीं खेल पाए, जिससे बाद में उन्हें नंबर-7 पर उतारा गया।

30 लाख था बेस प्राइस

नमन ने उस सीजन में सात मैच खेले, लेकिन टीम ने उन्हें सीजन के बाद रिटेन नहीं किया। बाद में मुंबई इंडियंस ने उन्हें ‘राइट टू मैच’ कार्ड के विकल्प के तहत आईपीएल  2025 सीजन के लिए वापस टीम में ले लिया। बता दें कि ‘राइट टू मैच’ कार्ड का इस्तेमाल कर आईपीएल टीमें रिलीज किए गए क्रिकेटरों को किसी दूसरी टीम द्वारा खरीदे जाने से पहले अपनी टीम में बनाए रख सकती हैं। आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में नमन का बेस प्राइस 30 लाख था। उस वक्त दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें अपनी टीम में शामिल करने में दिलचस्पी दिखाई थी, जिससे 30 लाख का बेस प्राइस बोली में बढ़कर साढ़े तीन करोड़ रुपये तक पहुंच गया, लेकिन एमआई ने उन्हें ‘राइट टू मैच’ कार्ड से अपनी टीम में बनाए रखा।

नहीं टूटने दिया MI का भरोसा

मुंबई इंडियंस के इस भरोसे को नमन से टूटने भी नहीं दिया और बीती रात शानदार पारी खेलकर उन्होंने टीम को प्लेऑफ़ में जगह दिला दी। बता दें कि नमन इससे पहले भी कुछ ऐसी छोटी लेकिन धमाकेदार पारियां खेल चुके हैं। नमन ने दिल्ली के खिलाफ पहले मैच में भी दमदार बल्लेबाजी की थी और महज 17 गेंद पर  38 रन बनाकर नाबाद  रहे थे। चेन्नई के खिलाफ खेलते हुए भी उन्होंने 12 गेंदों पर 17 रन बनाये थे।

कई शानदार पारियां खेल चुके हैं नमन

Mumbai Indians

गुजरात के खिलाफ 11 गेंदों पर 18 नाबाद रन और लखनऊ के खिलाफ महज  24 गेंदों पर 46 रन बनाकर नमन से खुद को साबित कर दिया था कि वह शानदार बल्लेबाज हैं। मुंबई ने नमन को तीसरे नंबर से सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा है, लेकिन उनके स्ट्राइक रेट में कोई कमी नहीं आई है। इस सीजन में, नमन मुंबई इंडियंस के अन्य बल्लेबाजों की तुलना में 182.35 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं। बीती रात, उन्होंने केवल 8 गेंदों पर 24 रन बनाए और नाबाद रहे, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 300 रहा।

 

इसे भी पढ़ें- DC vs MI: अक्षर ने बल्लेबाजों के सिर पर फोड़ा हार का ठीकरा, कहा- ‘इस मैच को भूलना होगा’

Leave a Comment

Modi 3.0 के पहले आम बजट से मिडिल क्लास को मिलेगी राहत?