
गुजरात। Plane crash: गुजरात के अमरेली के शास्त्री नगर में एक निजी कंपनी के प्रशिक्षण केंद्र का विमान रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में विमान के पायलट की मौत हो गई। बताया जाता है कि, विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद तेज विस्फोट हुआ और उसमें आग लग गई। इस घटना के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग व पुलिस कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। पिछले महीने भी राज्य के मेहसाणा में स्थित एक गांव के बाहरी इलाके में एक प्रशिक्षण केंद्र का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
इसे भी पढ़ें- Washington Flight Crash: US में हेलीकॉप्टर से टकराया यात्री विमान, 19 से अधिक लोगों की मौत
पायलट को पहुंचाया अस्पताल

फिलहाल, आज मंगलवार को हुई घटना के संबंध में जानकारी देते हुए दमकल अधिकारी ने कहा, शास्त्री नगर में एक प्रशिक्षण संस्थान का विमान रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हमें दोपहर 12 बजे फोन पर विमान दुर्घटना की सूचना दी गई। इसके तुरंत बाद हमारी टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। मौके पर पहुंचकर टीम ने विमान में फंसे पायलट को बाहर निकाला और उसे एंबुलेंस की मदद से तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
मामले की जांच शुरू

उन्होंने बताया, विमान का आधा हिस्सा जलकर अलग हो गया है। हादसे के बाद टीम ने रिहायशी इलाके की भी तलाशी ली। फिलहाल इलाके में किसी अन्य संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है। मामले की जानकारी देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि, शास्त्री नगर में एक विमान प्रशिक्षण संस्थान का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट की मौत हो गई। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इससे पहले भी दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं विमान
इससे पहले, 2 अप्रैल को गुजरात में दुर्घटनाग्रस्त हुए वायुसेना के विमान में घायल हुए पायलट की भी मौत हो गई थी। हादसे में घायल हुए एक अन्य पायलट का इलाज चल रहा है। जामनगर एयरफील्ड से उड़ान भरने वाला IAF जगुआर टू-सीटर विमान नाइट मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
7 मार्च 2025 को भी भारतीय वायुसेना का जगुआर लड़ाकू विमान हरियाणा के पंचकूला इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान ने प्रशिक्षण उड़ान के लिए अंबाला एयरबेस से उड़ान भरी थी। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ था। भारतीय वायुसेना इस दुर्घटना की जांच कर रही है। यह लड़ाकू विमान पंचकूला के पहाड़ी इलाके मोरनी के बलदवाला गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हादसे के वक्त लड़ाकू विमान का पायलट पैराशूट के जरिए सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब हो गया था।
6 फरवरी 2025 को मध्य प्रदेश के शिवपुरी में भी भारतीय वायुसेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। सौभाग्य से, इस दुर्घटना में विमान उड़ा रहे पायलट सुरक्षित हैं, हालांकि दोनों के घायल हो गये थे। ये एक ट्विन-सीटर मिराज 2000 लड़ाकू विमान था, जो नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था।
इसे भी पढ़ें- आगरा में दुर्घटनाग्रस्त हुआ सेना का विमान, पायलट ने कूदकर बचाई जान









Users Today : 13

