
नई दिल्ली। Heavy Rain In Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में इस समय तेज हवा के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने दिल्ली वासियों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। बारिश और तेज हवा के चलते दिल्ली के जाफरपुर कलां इलाके में खेत में बने एक कमरे पर भारी भरकम नीम का पेड़ गिर गया, जिससे कमरा ढह गया।
इसे भी पढ़ें- Ramban Cloud Burst: रामबन में भारी बारिश ने मचाई तबाही, 5 की मौत, हाईवे बंद, CM ने जताया दुःख
द्वारका जिले के खरखड़ी नहर गांव की घटना

जब ये घटना हुई उस वक्त कमरे में एक महिला और तीन मासूम बच्चों मौजूद थे, जिनकी मलबे में दबकर मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची राहत एवं बचाव टीम ने सभी को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि, यह घटना द्वारका जिले के खरखड़ी नहर गांव की है। पुलिस को इस हादसे की सूचना सुबह 5:26 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
Massive #Thunderstorm In #Delhi #NCR, lightening and rain in #Delhi Absolutely crazy weather #DelhiRains #unexpected #DelhiRains pic.twitter.com/Sl8H1xWTZm
— sudhakar (@naidusudhakar) May 2, 2025
ट्यूबवेल के कमरे पर गिरा पेड़
पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी को जाफरपुर कला स्थित आरटीआर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 26 वर्षीय ज्योति और उसके तीन बच्चे, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। बताया जा रहा है कि जब ये हादसा हुआ था, उस वक्त परिवार खेत में बने ट्यूबवेल वाले कमरे में मौजूद था, जो तेज हवाओं के कारण गिरे पेड़ के नीचे दब गया। इस हादसे में परिवार का एकमात्र जीवित सदस्य अजय कुशवाहा है, जो घायल हो गया है और उसका इलाज चल रहा है।

अजय मृतक ज्योति का पति है। अजय को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। दिल्ली-एनसीआर में आज तड़के से ही तेज हवा के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे यहां का जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों में 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, बिजली गिरने और बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि, पश्चिमी विक्षोभ के साथ-साथ दिल्ली के ऊपर से बड़े पैमाने पर बादल गुजर रहे हैं, जिससे बारिश हो रही है। इसके अलावा इस समय उत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधियां भी शुरू हो रही हैं, जिससे मौसम अचानक से बदल गया है। पालम मौसम विज्ञान केंद्र ने 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की पुष्टि की है। साथ ही लोगों से घर के अंदर रहने, खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने और यात्रा करने से बचने की सलाह दी है।
रुक-रुक कर हो रही बारिश

उत्तर भारत समेत कई राज्यों में आंधी और भारी बारिश की संभावना है। IMD ने 1 से 3 मई के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। वहीं, 4 से 6 मई तक रुक-रुक कर हल्की बारिश जारी रह सकती है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि, तेज हवाओं और तूफान के दौरान खुले में न रहें, खासकर पेड़ों या टिन की छतों के नीचे न खड़े हों। इसके अलावा बिजली गिरने की आशंका के चलते घरों के अंदर ही रहें और अनावश्यक यात्रा करने से बचें। जलभराव वाले इलाकों से सतर्क रहें। भारी बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। जलभराव और तेज हवाओं के चलते सड़कों पर ट्रैफिक जाम देखने को मिल रहा है।
इसे भी पढ़ें- Weather Update: मौसम ने ली करवट, इन इलाकों में हुई बारिश, क्या फिर से बढ़ेगी ठंड









Users Today : 18

