



महाराष्ट्र। Maharashtra Suspense End: शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे फड़णवीस सरकार में उप मुख्यमंत्री का पद संभालेंगे। शिंदे आज गुरुवार 5 दिसंबर को आजाद मैदान में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में डिप्टी सीएम पद की शपथ लेंगे। शिवसेना नेता बार-बार शिंदे के उप मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जता चुके हैं। इसके लिए वह शिंदे को मनाने में लगे हुए थे। उदय सामंत, संजय शिरसाट, संजय गायकवाड़, भरत गोगावले और दीपक केसरकर समेत पार्टी के अन्य नेता शिंदे को मनाने के लिए उनके आवास पर गये थे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और शिंदे मान गये। अब वे महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम बनेंगे।
इसे भी पढ़ें- Maharashtra Assembly Election: बीजेपी ने जारी की उम्मदीवारों की तीसरी लिस्ट, इन पर जताया भरोसा
विधायकों की रिक्वेस्ट के बाद लिया फैसला
इससे पहले उदय सामंत ने कहा था कि हम चाहते हैं कि शिंदे उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लें। हमारे 59 विधायकों में से कोई भी उप मुख्यमंत्री पद का इच्छुक नहीं है। अगर शिंदे उप मुख्यमंत्री पद स्वीकार नहीं करेंगे तो हम भी मंत्री पद स्वीकार नहीं करेंगे। शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कहा कि हम सभी विधायक कल राजभवन से लौटने के बाद एकनाथ शिंदे से मिलने गए थे, हमने उनसे सरकार में शामिल होने और डिप्टी सीएम पद की शपथ लेने का आग्रह किया था। शिरसाट ने बताया किए हमने शिंदे से कहा कि सरकार में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं जिनमें आपकी भागीदारी आवश्यक है।
निमन्त्रण पत्र में भी है कन्फ्यूजन
शपथ ग्रहण समारोह का निमंत्रण बीजेपी, शिवसेना शिंदे गुट और अजित पवार के राष्ट्रवादी गुट ने जारी किया था। इन तीनों निमंत्रण पत्रों में राज्य के मुख्यमंत्री के तौर पर देवेन्द्र फड़णवीस का नाम अंकित है, लेकिन शिंदे गुट के निमंत्रण पत्र में डिप्टी सीएम के पद के तौर पर एकनाथ शिंदे का नाम नहीं लिखा है। ऐसे में काफी कन्फ्यूजन की स्थिति बन गई थी। वहीं एनसीपी के निमन्त्रण पत्र में अजित पवार उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने का जिक्र है।
कल शाम को फड़णवीस ने की थी शिंदे से मुलाकात
बुधवार को देवेंद्र फड़णवीस, अजित पवार और एकनाथ शिंदे राज्यपाल को समर्थन पत्र देने पहुंचे थे। इसके बाद तीनों नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें शिंदे ने कहा कि वह उन्हें बताएंगे कि वह शपथ लेंगे या नहीं। इसके बाद शाम सात बजे देवेंद्र फड़णवीस, एकनाथ शिंदे के आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं की ये मुलाकात करीब चालीस मिनट तक चली। इस बैठक में शिंदे को बताया गया कि गृह मंत्रालय उन्हें नहीं दिया जायेगा।
चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी बीजेपी
बता दें कि देवेन्द्र फड़णवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बन रहे हैं। वे आज आजाद मैदान में शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल होंगे। महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव हुए थे और 23 नवंबर को नतीजे आने के बाद करीब दो हफ्ते तक बातचीत चलती रही और आज फड़णवीस के नेतृत्व में सरकार बन रही है। 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव में 132 सीटों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई। ऐसे में फड़णवीस इस पद के लिए एक मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे थे।
इसे भी पढ़ें- Maharashtra CM: कौन होगा महाराष्ट्र का अगला सीएम, एकनाथ शिंदे या फड़णवीस, संशय बरकरार