
मुंबई। Eknath Shinde Health: महाराष्ट्र के कार्यवाहक मुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे की तबीयत उनके गांव में अचानक बिगड़ गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई से एक मेडिकल टीम उनके गृह जिले सतारा स्थित उनके गांव पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि थकान की वजह से बुखार की समस्या हो गई है। फ़िलहाल डॉक्टर जांच कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- Maharashtra CM: कौन होगा महाराष्ट्र का अगला सीएम, एकनाथ शिंदे या फड़णवीस, संशय बरकरार
मुख्यमंत्री पर संशय बरकरार
गौरतलब है कि, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजे आए एक सप्ताह बीत चुका है, लेकिन मुख्यमंत्री के चेहरे पर अब भी संशय बरकरार है। एकनाथ शिंदे ने हाल ही में दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद अमित शाह ने महायुति नेताओं के साथ बैठक भी की थी। दिल्ली के बाद महायुति नेताओं की एक बैठक महाराष्ट्र में होने वाली थी, लेकिन दिल्ली से लौटने के बाद कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अचानक से सतारा स्थित अपने गांव चले गए। संभावना थी कि आज महाराष्ट्र के सीएम के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। इसी बीच खबर आई कि गांव में एकनाथ शिंदे की तबीयत बिगड़ गई है। मुंबई से गांव पहुंची डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की है और आराम करने की सलाह दी है।
महायुति ने दर्ज की है ऐतिहासिक जीत
बता दें कि महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला महायुति गठबंधन और महा विकास अघाड़ी दल के बीच था। इस चुनाव में महायुति ने 288 सीटों में से 230 सीटें जीतीं हैं। वहीं महा विकास अघाड़ी को 288 में से केवल 46 सीटें ही मिली हैं। महाराष्ट्र में महायुति की ऐतिहासिक जीत के बाद सरकार बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। नतीजों के एक दिन बाद 24 नवंबर को एनसीपी विधायक दल की बैठक हुई और अजित पवार को पार्टी अध्यक्ष चुना गया। पार्टी नेता छगन भुजबल ने अजित पवार को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की।
राज्यपाल को सौंप चुके हैं इस्तीफा
वहीं, शिवसेना सांसदों ने एकनाथ शिंदे को अपना नेता चुना। बता दें कि गत 26 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो गया है। उसी दिन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद शिवसेना (शिंदे गुट) के अध्यक्ष यानी एकनाथ शिंदे कार्यवाहक मुख्यमंत्री की भूमिका में आ गये।
मंजूर होगा पीएम मोदी का फैसला
शिवसेना नेता शिंदे ने संकेत दिया है कि वह 27 नवंबर को मुख्यमंत्री पद की दावेदारी छोड़ देंगे। मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि मुझे सीएम बनने की कोई लालसा नहीं है। पीएम मोदी और अमित शाह जो भी फैसला लेंगे, वह मुझे स्वीकार होगा। सरकार बनाने में मेरी ओर से कोई बाधा नहीं डाली जाएगी। उन्होंने कहा था कि मैं चट्टान की तरह एक साथ खड़ा हूं। बीजेपी की बैठक में जो भी फैसला होगा, हम उसे स्वीकार करेंगे। मुझे बीजेपी का सीएम स्वीकार है।
इसे भी पढ़ें-Maharashtra Election Results: NDA की प्रचंड जीत, शिंदे बोले- ‘धन्यवाद महाराष्ट्र’









Users Today : 18

