



जयपुर। Aditya Jain: एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स राजस्थान को सीबीआई इंटरपोल के माध्यम से बड़ी सफलता मिली है। एजीटीएफ ने लॉरेंस गैंग के लिए कंट्रोल रूम चलाने वाले गुर्गें आदित्य जैन उर्फ टोनी को दुबई में अरेस्ट कर लिया है। एजीटीएफ के एडीजी क्राइम दिनेश एमएन ने बताया कि, आदित्य जैन उर्फ टोनी गुजरात की साबरमती जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस विश्रोई और रोहित गोदारा की तरफ से चलाए जा रहे जबरन वसूली गिरोह का सक्रिय सदस्य है। आइए जानते हैं कौन है आदित्य जैन और कैसे हुई उसकी अपराध की दुनिया में एंट्री।
इसे भी पढ़ें- Salman Khan On Death Threat: लारेंस विश्नोई की धमकियों पर सलमान ने तोड़ी चुप्पी, कहा- जो लिखा है...
राजस्थान का रहने वाला है
राजस्थान के कुचामन सिटी का रहने वाला आदित्य जैन उर्फ टोनी एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता जम्बू कुमार जैन किराना की दुकान चलाते हैं, जिससे घर चलता है। वहीं मां हाउस वाइफ हैं। बताया जाता है कि, आदित्य जैन महज 19 साल की उम्र में एक शादीशुदा महिला के प्यार में पड़ गया। वह दो बच्चों की मां के प्यार में हद तक पड़ा कि, पागलों जैसी हरकतें करने लगा। उसकी हरकतों से परेशान होकर शादीशुदा महिला ने आदित्य के खिलाफ रेप का मामला दर्ज करा दिया। इस वाकये के बाद वह अपराध की दुनिया में चला गया।
21 साल की उम्र में गया था जेल
21 साल की उम्र में आदित्य के खिलाफ अपहरण और रेप का मुकदमा दर्ज हुआ और वह जेल भी गया। दिसंबर 2018 में उसके खिलाफ अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कैदी तक मोबाइल पहुंचाने का केस भी सिविल लाइन अजमेर में दर्ज हुआ था। इसके बाद उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज हुआ। इसके बाद लोगों को धमकियां देकर रंगदारी मांगने के चार केस दर्ज हुए। पुलिस ऐसे सक्रिय अपराधियों पर नजर रखती है। काफी टाइम तक जब आदित्य का कोई पता नहीं चला तो पुलिस ने अपने मुखबिरों से उसके बारे में जानकारी की, तो पता चला कि वह पिछले एक साल से कहीं नजर नहीं आया। ऐसे में पुलिस को शक हुआ कि, वह भूमिगत होकर किसी बड़ी वारदात में शामिल होने की प्लानिंग कर रहा होगा।
2024 में भाग गया दुबई
जयपुर आयुक्तालय के चित्रकूट थाना प्रभारी मनीष शर्मा को कुछ दिन पहले ही खबर मिली थी कि, आदित्य जैन भारत में नहीं हैं। वह विदेश चला गया है। इस पर मनीष शर्मा को शक हुआ कि एक आदतन अपराधी इतनी जल्दी कैसे सुधर गया। इसके बाद उन्होंने आदित्य के बारे में गोपनीय तरीके से जानकारी जुटानी शुरू की। इसी बीच आदित्य के पासपोर्ट पता चला कि, वह अप्रैल 2024 में दुबई चला गया था।
डेढ़ महीने की मेहनत के बाद मिली सफलता
इंस्पेक्टर मनीष शर्मा ने आदित्य के बारे में और जानकारी जुटाई, तो पता चला कि, वह दुबई में लॉरेंस बिश्नोई, रोहित गोदारा और एयरपोर्ट चारण के लिए डिब्बा कॉलिंग का काम कर रहा है। बाद में मनीष ने पुलिस कमिश्नर को सभी चीजों अवगत कराया। इसके बाद एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के हेड आईपीएस दिनेश एमएन को ये सभी जानकारियां भेजी गई। इसके बाद आईपीएस दिनेश एमएन ने मनीष को अपनी टीम में शामिल होने और गैंगस्टर को पकड़ने का टास्क दे दिया। करीब डेढ़ महीने की मेहनत के बाद पुलिस ने आदित्य जैन का पता लगा लिया और दुबई के पुलिस अधिकारियों को सूचना देकर उसे दबोच लिया।
बड़े कारोबारियों को धमकाते थे
आदित्य जैन राजस्थान में रहते हुए वीरेंद्र चारण के जरिए लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा के गिरोह में शामिल हुआ था। जुलाई 2024 में राजस्थान पुलिस ने इटली से डिब्बा कॉलिंग की सुविधा देने वाले अमरजीत को गिरफ्तार किया था। अमरजीत के पकड़े जाने के बाद वीरेंद्र चारण ने डिब्बा कॉलिंग की जिम्मेदारी आदित्य जैन को दे दी थी। गिरोह का सरगना रोहित गोदारा, विक्रम बराड़ और वीरेंद्र चारण आदित्य जैन के जरिए डिब्बा कॉलिंग कराते थे और बड़े कारोबारियों को धमकाकर उनसे पैसे ऐंठते थे।
विदेश में छिपे गैंगेस्टरों के बारे में मिल सकती है जानकारी
डिब्बा कॉलिंग की सुविधा देने वाले बदमाश के पास हर तरह की जानकारी होती है। कौन गैंगस्टर कहां है और उससे कब बात करनी है। यह सब डिब्बा कॉलिंग करने वाला तय करता है। किस व्यापारी को कॉल कर धमकाना है। यह काम भी डिब्बा कॉल करने वाला ही करता है। चूंकि आदित्य जैन पिछले सात-आठ महीने से डिब्बा कॉलिंग की सुविधा दे रहा था। ऐसे में आदित्य के पास सभी महत्वपूर्ण जानकारी होगी। अब जबकि वह राजस्थान पुलिस की गिरफ्त में आ गया है, तो पूछताछ में विदेश में छिपे गैंगस्टरों के बारे में पुख्ता जानकारी मिलने की पूरी संभावना है। अमरजीत और उसकी पत्नी को इटली में गिरफ्तार किया जा चुका है। इन्हें भारत लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अब पुलिस रोहित गोदारा, विक्रम बराड़ और वीरेंद्र चारण तक भी पहुंचने वाली है। पुलिस जल्द ही इन गैंगस्टरों को भी गिरफ्तार कर सकती है।
इसे भी पढ़ें- Salman Khan: जेल से बाहर आएंगे सलमान के फार्म हाउस पर हमला करने वाले आरोपी, SC ने दी जमानत