



पटना। Bihar Assembly Elections- 2025:: बिहार विधानसभा चुनाव में अभी छह महीने हैं, लेकिन यहां चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। चर्चा ये भी है कि इस बार की राजनीति में भोजपुरी ग्लैमर का जबर्दस्त तड़का लगने वाला है। दरअसल, इस बार भोजपुरी सिनेमा जगत के पावर स्टार पवन सिंह और राधेश्याम रसिया ने भी विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वहीं, रितेश पांडे और खेसारी लाल यादव भी एक्टिव नजर आ रहे हैं। इधर, विनय बिहारी चौथी बार विधानसभा पहुंचने के लिए ताल ठोंकने का मन बना चुके हैं। आइए जानते हैं, इस बार के विधानसभा चुनाव के कौन-कौन से स्टार चुनावी अखाड़े में नजर आ सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- PM Modi’s Bihar Visit: कैबिनेट विस्तार की चर्चा के बीच बिहार आएंगे पीएम, तेज हुई सियासी हलचल
खेसारी लाल यादव
इस बार के चुनाव में भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के भी मैदान में उतरने की चर्चा है। हालांकि, खेसारी ने अभी तक इस बारे में कोई घोषणा नहीं की है, लेकिन हाल ही में उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद सपा की तरफ से बयान आया था कि, खेसारी लाल यादव 2027 के चुनाव में पार्टी की मदद करेंगे। अब चर्चा यह भी है कि खेसारी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के टिकट पर बिहार चुनाव लड़ सकते हैं, जिसमें सपा मुखिया अखिलेश यादव उनकी मदद करेंगे।
पवन सिंह
भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज एक्टर पवन सिंह भाजपा की बिहार प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रह चुके हैं। पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में उन्होंने काराकाट सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। हालांकि वे चुनाव हार गए थे। पवन सिंह अब बिहार विधानसभा चुनाव में भी किस्मत आजमाने जा रहे हैं।हालांकि, अभी उन्होंने ये नहीं बताया है कि, वे इस बार भी निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे या किसी पार्टी के टिकट पर। वे किस विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, इसे लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। कयास लगाये जा रहे हैं कि, पवन भोजपुर या काराकाट सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी इस बार चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
रितेश पांडे
पवन सिंह के अलावा रितेश पांडे के भी चुनाव मैदान में आने की चर्चा तेज हो गई है। पिछले साल हुए आम चुनाव के कुछ महीने बाद ही रितेश पांडे ने भभुआ में अपने कार्यालय का उद्घाटन किया था। उस वक्त रितेश ने जनता का पूरा समर्थन मिलने की बात कही थी और कहा था कि वे इस क्षेत्र के लिए नेता या गायक नहीं बल्कि बेटा हैं। बिहार में शिक्षा के खराब स्तर पर चर्चा करते हुए एक्टर ने यह भी कहा था कि, अगर वह चुनाव जीतते हैं तो शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम करेंगे। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि, रितेश पांडे किस पार्टी से और किस सीट से चुनाव लड़ेंगे, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि, वे बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं।
राधेश्याम रसिया
1990 के दशक के सुपरस्टार राधेश्याम रसिया भी चुनाव लड़ने वाले भोजपुरी सितारों की लिस्ट में शामिल हैं। वे 2024 के लोकसभा चुनाव में पश्चिमी चंपारण सीट से चुनाव लड़ने की भी तैयारी में थे, लेकिन किसी कारणवश वे पीछे हट गये। इसके बाद उन्होंने साफ कहा कि, वह 2025 का विधानसभा चुनाव हर हाल में लड़ेंगे। हालांकि, उन्होंने अभी ये साफ नहीं किया है कि वे किस विधानसभा सीट से और किस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे
विनय बिहारी
इधर, भोजपुरी गायक विनय बिहारी के बिहार चुनाव लड़ने की संभावना है। विनय बिहारी मौजूदा बिहार विधानसभा में विधायक भी हैं। वे 2020 के बिहार चुनाव में भाजपा के टिकट पर पश्चिमी चंपारण की लौरिया विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। तीन बार के विधायक विनय बिहारी का चौथी बार विधानसभा पहुंचने के लिए चुनाव लड़ना लगभग तय है। विनय बिहारी ने 2010 में पहली बार निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था और विजयी हुए थे। बाद में वे भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने 2015 और 2020 का चुनाव कमल के निशान पर लड़ा था और जीत दर्ज की थी।
इसे भी पढ़ें- Bihar Fodder Scam: चारा घोटाले में बड़े एक्शन की तैयारी में नीतिश सरकार, दोषियों से वसूलेगी 950 करोड़