
मुजफ्फरपुर। Bihar Chunav 2025: बिहार में आगामी छह नवंबर को विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा। इसके लिए सभी पार्टियां मैदान में कूद चुकी हैं और जनता से रूबरू होकर लोक लुभावन वादे कर रही हैं। साथ ही अपने-अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिना रही हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आज गुरूवार को बिहार पहुंचे और मुजफ्फरपुर में विशाल रैली को संबोधित किया।
इसे भी पढ़ें- Bihar Election 2025: BJP का बड़ा एक्शन, चार नेताओं को दिखाया बाहर का रास्ता, लगाया ये आरोप
ये पांच के हैं कांग्रेस की पहचान

यहां रैली को संबोधित करते हुए पीएम ने आरजेडी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा ये पार्टियां बिहार को कभी भी विकसित नहीं बना सकती हैं। इन पार्टियों ने लंबे समय तक बिहार की सत्ता संभाली, लेकिन यहां विकास का नामो निशान तक नहीं है। इन दलों ने यहां की जनता के साथ सिर्फ विश्वासघात किया है। आरजेडी और कांग्रेस जैसे दलों की पहचान की कुशासन, कट्टा, क्रूरता कटुता और करप्शन है, जबकि एनडीए का मतलब सुशासन, विकास की गारंटी और जनता की सेवा है।
बिहार में कुछ ही परिवार फल फूल रहे
पीएम ने कहा, जहां कट्टा और क्रूरता का बोलबाला हो वहां क़ानून दम तोड़ देता है और जहां कटुता और कुशासन हो वहां सद्भाव और विकास की बात सोचना भी निरर्थक है। पीएम ने कहा, जहां करप्शन होता है, वहां की जनता को कभी भी न्याय नहीं मिल सकता है। करप्शन की स्थिति में गरीबों का हक लूटा जाता है और कुछ ही परिवार फलते फूलते हैं।
NDA यानि सुशासन, NDA यानि जनता की सेवा, NDA यानि विकास की गारंटी।
पीएम श्री @narendramodi मुजफ्फरपुर, बिहार में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए।https://t.co/FDFQwCbhjY
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) October 30, 2025
गोलू हत्याकांड की दिलाई याद
पीएम ने कहा, ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते। बिहार ने लंबे समय तक जंगलराज झेला है। यहां खुलेआम लोगों को मौत के घाट उतार दिया जाता था, उनकी जमीनों पर कब्जा कर लिया जाता था और अपराधी बेख़ौफ़ घूमते रहते थे क्योंकि उन्हें तत्कालीन सरकार का संरक्षण प्राप्त रहता था। अपने भाषण में पीएम ने आरजेडी सरकार में (2001 में) हुए गोलू अपहरण कांड का भी जिक्र किया और कहा आप लोग उस कांड को कभी नहीं भूल सकते हैं। इसी शहर यानी मुजफरपुर से ही एक छोटे से बच्चे का अपहरण कर लिया गया था और उसके घरवालों से मोटी फिरौती मांगी गई थी, लेकिन घरवाले पैसे नहीं दे पाए, जिससे अपराधियों ने उस छोटे से बच्चे के टुकड़े-टुकड़े कर दिए।
विकास के लिए उद्यम और उद्योग चाहिए

प्रधानमंत्री ने कहा, बिहार के विकास के लिए उद्यम चाहिए, उद्योग चाहिए और इसके लिए जमीन व बेहतर कनेक्टिविटी चाहिए। साथ ही कानून व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए, लेकिन जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा हो, वे किसी उद्योग के लिए जमीन कैसे दे सकते हैं। लालटेन वाले बिहार वासियों को बिजली कैसे दे सकते हैं। रेलवे को लूटने वालों से कनेक्टिविटी की उम्मीद कैसे की जा सकती है। भ्रष्टाचार और घोटाला करने वाले कानून का राज कैसे ला सकते हैं। इस पर आप सबको यानी बिहार की जनता को सोचना होगा।
जनता से किया सवाल
उन्होंने कहा, सत्ता का बदलाव ही बिहार में बदलाव लायेगा। पीएम ने छठ पर्व को लेकर भी आरजेडी और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा, जिस मानवता के महापर्व को यूनेस्को ने विश्व की विरासत की सूची में शामिल किया है, उस पर्व का (छठी मईया का) कांग्रेस और आरजेडी के नेता अपमान कर रहे हैं। पीएम ने रैली में मौजूद जनता से सवाल किया कि चुनाव में वोट पाने के लिए क्या कोई छठी मईया का अपमान कर सकता है और क्या बिहार व हिंदुस्तान की कोई भी महिला इस अपमान को सहन करेगी।
छठ मैया का अपमान कोई नहीं भूल सकता?

उन्होंने कहा, हमारी माताएं और बहनें जो निर्जला व्रत रहकर और नदी में खड़ी होकर सूर्य को अर्ध्य देती हैं और पूजा पाठ करती हैं, क्या वे छठी मईया का अपमान सहेंगी। उन्होंने कहा, कांग्रेस और आरजेडी के लोग बड़ी बेशर्मी से कह रहे हैं कि, छठ पूजा सिर्फ नौटंकी है, ड्रामा है। पीएम ने कहा, छठ पर्व का अपमान करने वालों को सजा मिलनी चाहिए। मुझे पूरा भरोसा है कि, छठी मईया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति भूल नहीं सकता।
देखिए, सोच-सोच का फर्क साफ है।#ChhathkaApman pic.twitter.com/mMwRrcG2gy
— BJP Bihar (@BJP4Bihar) October 30, 2025
विकसित भारत के लिए बिहार का विकसित होना जरूरी
पीएम ने आगे कहा, बिहार का अपना गौरव है और इसे आगे बढ़ाना, बिहार की मीठी बोली, बिहार की संस्कृति को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाना और बिहार का विकास करना ही एनडीए और भाजपा की पहली प्राथमिकता है। एक समय था जब भारत आर्थिक रूप से बेहद समृद्ध था और ज्ञान-विज्ञान यहां की सबसे बड़ी ताकत थी, जिसमें बिहार की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका थी। यही वजह है कि विकसित भारत बनाने के लिए भी बिहार का विकसित होना बेहद आवश्यक है।’
इसे भी पढ़ें- Bihar SIR: राजनीतिक दलों को SC की फटकार,पूछा- बिहार SIR के वक्त कहा थे BLA, अब करो सुधार









Users Today : 125

