



लखनऊ। UP Weather: पछुआ हवाओं के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों से धुंध और कोहरा कम हो गया है। इसके साथ ही हल्की धूप निकलने से मौसम में गर्माहट भी आई है। मौसम विभाग का कहना है कि आसमान साफ होने की वजह से अगले कुछ दिनों में दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी क्योंकि इस दौरान सूरज की रौशनी जमीन पर पहुंचेगी। शुक्रवार को भी मौसम ठंडा और सर्द था क्योंकि पिछले कुछ दिनों से तापमान में हल्की गिरावट आई थी।
इसे भी पढ़ें-UP Weather: पछुआ हवाओं ने कराया सर्दी का एहसास, धुंध और कोहरे से कम हुई दृश्यता
प्रदेश के शहरों में गिरा पारा
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अधिकारियों का कहना है कि, नए विकसित हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण 25 नवंबर से पारा फिर से गिरना शुरू हो जाएगा। शनिवार से पछुआ हवाएं तेजी होंगी, लेकिन 26 नवंबर से कमजोर हो जायेगी। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शनिवार के बाद पहाड़ों पर बर्फबारी होने की संभावना है। प्रदेश में शुक्रवार को 30 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ उरई सर्वाधिक गर्म रहा। वहीं बहराइच में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री और झांसी में 28 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो अयोध्या में 9 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 10.1 डिग्री और मेरठ में 10.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।
राजधानी में धूप खिलने से कोहरा छटा
पछुआ हवाओं के कारण राजधानी में धुंध और कोहरे का असर शुक्रवार को कमजोर पड़ गया। दिन चढ़ने के साथ सूरज की किरणों से गर्मी थोड़ी बढ़ गई। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि अगले दो से तीन दिनों में दिन और रात के तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, नए विकसित हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से 25 नवंबर से पारा फिर गिरना शुरू हो जाएगा। शुक्रवार को दिन का तापमान 1.9 डिग्री बढ़ोतरी के साथ 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रात का तापमान 1.3 की बढ़ोतरी के साथ 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार को लखनऊ में एक्यूआई का हाल
अब बात करें यहां के एक्यूआई सूचकांक की तो बीबीएयू का AQI 169 येलो, गोमतीनगर का AQI 185 येलो ,अलीगंज का AQI 288 ऑरेंज कुकरैल का AQI 173 येलो, लालबाग का AQI 339 रेड, और तालकटोरा का AQI 207 ऑरेंज रहा।
इसे भी पढ़ें- UP Weather: प्रदेश में गिरने लगा पारा, सताने लगी ठंड, कई इलाकों में छाया रहा घना कोहरा