



Comet G3 ATLAS: धूमकेतु C/2024 G3 (ATLAS), जिसे कई हज़ार वर्ष में केवल एक बार देखा जा सकता है। वह 13 जनवरी यानी सोमवार की रात को आसमान में दिखाई देगा। वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह शुक्र ग्रह जितना चमकीला हो सकता है। यह धूमकेतु रात के समय पृथ्वी के बेहद करीब से गुजरेगा। वैज्ञानिकों का दावा है कि इसे बिना दूरबीन की मदद से देखा जा सकेगा। ऐसा नजारा हर 16000 साल में केवल एक बार ही देखने को मिलेगा। C/2024 G3 (ATLAS) 14 जनवरी तक आकाश में दिखाई देगा।
इसे भी पढ़ें- NASA Alert: बच गई धरती, काफी करीब से गुजरे 2 Asteroid, जानें साइज और रफ्तार
अप्रैल में लगाया गया था पता
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA के एस्टेरॉयड टेरिस्ट्रियल इंपैक्ट लास्ट अलर्ट सिस्टम (ATLAS) ने अप्रैल 2024 में ही इसका पता लगा लिया था। यह धूमकेतु 600 करोड़ किलोमीटर की दूरी पर खोजा गया था। वैज्ञानिकों को आशंका थी कि जैसे ही यह सूर्य के करीब आएगा, यह मर जाएगा, लेकिन बाद में पता चला कि 16000 हजार साल पुराना आर्बिट इसे बचा लेगा। अब आज रात ये पृथ्वी के बेहद करीब से गुजरने वाला है।
शुक्र ग्रह जितना चमकीला हो सकता है
यह धूमकेतु बहुत चमकीला है। वैज्ञानिकों का मानना है कि सामान्य धूमकेतु सूर्य के निकट आते ही नष्ट हो जाते हैं। जैसे-जैसे धूमकेतु सूर्य के करीब आता है, उसकी चमक पहले बढ़ती है और फिर धीरे-धीरे कम हो जाती है, लेकिन ये धूमकेतु अपनी चमक बनाये हुए है। इससे पता चलता है कि यह अभी भी सुरक्षित है। अगर सूर्य के निकट आने से यह नहीं टूटता है, तो इसकी चमक शुक्र ग्रह के बराबर हो सकती है। ऐसे धूमकेतु कुछ दशकों में एक-दो बार ही नजर आते हैं।
It is totally amazing to see a comet from orbit. Atlas C2024-G3 is paying us a visit. pic.twitter.com/6Npqa2Wksf
— Don Pettit (@astro_Pettit) January 11, 2025
14 जनवरी तक दिखेगा नजारा
वैज्ञानिकों के मुताबिक, धूमकेतु 13 जनवरी को दोपहर 3:47 बजे IST पर सूर्य के करीब आएगा। इसके बाद यह सुरक्षित रूप से पृथ्वी के करीब से उड़ान भरेगा। इसे 14 जनवरी तक देखा जा सकेगा। 14 जनवरी को इसे सूर्यास्त के 30 मिनट बाद भी देखा जा सकेगा। अमेरिका और यूरोप में भी लोग दूरबीन की मदद से ये नजारा देख सकेंगे।
यह सूर्य से लगभग 5 डिग्री ऊपर दिखाई देगा। वैज्ञानिकों के मुताबिक इस धूमकेतु का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता है क्योंकि सूर्य के संपर्क में आने की वजह से इसकी छवि धुंधली या चमकीली दिखाई दे सकती है। वैज्ञानिकों ने फॉरवर्ड स्कैटरिंग (धूल की वजह से अधिक चमकीला) नामक घटना की भी आशंका जताई है।
इसे भी पढ़ें- Prashant Kishore Arrest: सशर्त जमानत लेने से प्रशांत ने किया इंकार, कहा- जेल मंजूर है