
साई कॉलेज में अंतरविभागीय गमला सजाओ प्रतियोगिता आयोजित
अम्बिकापुर। Flower Pot Decoration: श्री साई बाबा आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय मेेंं शनिवार को इको क्लब के तत्वावधान में अंतरविभागीय गमला सजाओ प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसमें तीजन बाई की तान सुनाई दी तो मुम्बई में 26/11 के हमले की चीख -चीत्कार आंखे नम कर गयी। नेपाल में आयी भीषण बाढ़ की त्रासदी गमले को गमगीन कर गयी तो गो ग्रीन-गो डिजीटल का संदेश जीवन में नव संचार कर गया।
इसे भी पढ़ें- Rakshabandhan 2026: सैनिकों के कलाइयों पर सजेंगी अम्बिकापुर की राखियां
विद्यार्थियों ने दिया हरियाली बचाने के संदेश

प्लास्टिक पॉल्यूशन से जल जीवों पर पड़ने वाले प्रभाव को विद्यार्थियों ने उकेरा तो सेव लाइव-सेव अर्थ से पर्यावरण और हरियाली को बचाने का संदेश दिया गया। आध्यात्म की दुनिया में मां महामाया का आशीर्वाद दिखा तो भगवान बुद्ध के अप्प दीपो भव के साथ श्री साई नाथ का सामाजिक समरसता रंगों के कलेवर में भा गया।
राजस्थान की विरासत दिखी

हमर छत्तीसगढ़ के विविध सांस्कृतिक आयाम लोक कला को प्रस्तुत करते नजर आये तो पधारो म्हारो राजस्थान के साथ रंगीलों राजस्थान की विरासत दिखी। वर्ली आर्ट, छत्तीसगढ़ की लोक कला के साथ राजस्थान की टेराकोटा गमले पर इठलाती नजर आयी। महाविद्यालय के तीनों तल की गैलरी में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हरियाली, पर्यावरण संरक्षण, उन पौधों को ज्यादा तरजीह दी जो एयर प्यूरीफायर के रूप में काम करते हैं। स्वच्छ हवा-स्वस्थ जीवन का संदेश प्रत्येक गमले के रंगों में छिपा रहा।
गमलों पर सजी लोककला के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित

प्राचार्य डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने गमलों पर सजी लोककला के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। प्रतियोगिता के निर्णायकों में अभिभावकों की ओर से श्रद्धा वर्मा, मोनिका राजवाड़े तथा सहायक प्राध्यापक तुलिका सिन्हा रहीं।
इको क्लब प्रभारी डॉ. अरविन्द तिवारी के नेतृत्व में आयोजित गमला सजाओ प्रतियोगिता का अवलोकन एनईपी प्रभारी डॉ. आर.एन. शर्मा, कम्प्यूटर एंड आईटी विभाग के अध्यक्ष डॉ. विवेक कुमार गुप्ता, आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. शैलेष देवांगन, शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डॉ. दिनेश शाक्य, वाणिज्य एवं प्रबंध विभाग की प्रभारी डॉ. जसप्रीत कौर तथा सभी प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें- Constitution Day: प्रत्येक भारतीय को सम्मानपूर्ण जीवन देता है संविधान








Users Today : 75

