
नई दिल्ली/नोएडा। Farmers Protest: नोएडा में राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल पर प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यहां से किसानों को जबरन हटाया जा रहा है। इस वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि, वह दो घंटे में नोएडा पहुंच जाएंगे। सोमवार से नोएडा के दलित प्रेरणा स्थल पर प्रदर्शन कर रहे किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर ग्रेटर नोएडा स्थित लुक्सर जेल भेज रही है। इस काम में पांच बसें लगाईं गई हैं। यहां किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखा था।
इसे भी पढ़ें- Farmer Protest: किसानों ने दलित प्रेरणा स्थल पर डाला डेरा, सामान्य हुआ ट्रैफिक
नोएडा प्राधिकरण में घुसे किसान

बता दें कि बीते सोमवार को किसान महामाया फ्लाईओवर के रास्ते दिल्ली के लिए निकले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दलित प्रेरणा स्थल पर रोक लिया और दिल्ली नहीं जाने दिया। इसके बाद से सभी किसान यहां प्रदर्शन का रहे हैं, जिन्हें अब यहां से हटाया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ कुछ किसान नोएडा प्राधिकरण में घुस गए, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकाला है। पुलिस एक किसान को पकड़ कर थाने लेकर चली गई है, जिससे किसान आक्रोशित हैं।
वाहन चालकों के छूटे पसीने
किसानों के नोएडा की सड़कों पर उतरते ही दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में जाम लग गया। किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। सोमवार सुबह से ही नोएडा की सभी सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई थी। इस दौरान बिना जांच के वाहनों को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा था। नतीजतन, नोएडा-डीएनडी लिंक रोड और कालिंदीकुंज बॉर्डर पर घंटों जाम की स्थिति बनी रही है। सड़क पर फंसे वाहन चालकों को गाड़ी आगे बढ़ाने में पसीने छूट गये। जाम की वजह से सप्ताह के पहले कार्य दिवस पर कार्यालय पहुंचने में लोगों को लेट लतीफी का सामना करना पड़ा।
ट्रैफिक पुलिस को जारी करनी पड़ी एडवाइजरी

इससे पहले, किसानों के दिल्ली कूच को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर, नोएडा और दिल्ली के बीच सभी सीमाओं पर बैरिकेड्स लगा दिए गये थे। इससे सोमवार सुबह से ही बॉर्डर पर जाम की स्थिति बनने लगी थी। नोएडा लिंक रोड, डीएनडी मार्ग और कालिंदी बॉर्डर समेत कई मार्गों पर भारी जाम देखने को मिला। बिगड़ते हालात को देखते हुए दिल्ली और यूपी ट्रैफिक पुलिस को एडवाइजरी जारी करनी पड़ी।
इसे भी पढ़ें- Farmer Protest: किसानों ने किया दिल्ली कूंच, छावनी में तब्दील हुए बॉर्डर, मोर्चे पर डटी पुलिस
लोगों को मेट्रो से सफर करने की दी गई सलाह
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने दिल्ली की ओर जाने वाले कुछ मार्गों को बंद करके रूट डायवर्ट कर दिया है। यूपी से आने वाले मार्गों पर भारी ट्रैफिक की संभावना पहले ही जताई जा चुकी है। सड़कों पर भीड़ को ध्यान में रखते हुए, आरे से जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी में दिल्ली और नोएडा के लोगों को मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। लोग दिल्ली यातायात पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल और इंस्टाग्राम समेत हेल्पलाइन पर दिन भर जाम के बारे में पता करते रहे।
किसानों को नहीं है दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति

दिल्ली-यूपी चिल्ला बार्डर पर पुलिस और आरएएफ के जवानों की तैनाती की गई है। पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त अपूर्व गुप्ता ने कहा कि उन्हें पहले ही जानकारी मिल गई थी कि कुछ किसान संगठनों ने दिल्ली कूच का ऐलान किया है। संसद सत्र चलने की वजह से उन्हें दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कानून-व्यवस्था में किसी भी तरह का खलल न पड़े। पूर्वी जिला पुलिस, नोएडा पुलिस के साथ समन्वय कर रही है। दिल्ली-यूपी में सभी छोटी-बड़ी जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है।
इसे भी पढ़ें- Farmers Movement: आज दिल्ली कूंच करेंगे किसान, पुलिस ने की फुल प्रूफ तैयारी, डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक






Users Today : 33

