जम्मू-कश्मीर। Jammu & Kashmir: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के बलनोई सेक्टर में मंगलवार 24 दिसंबर को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां सेना का एक वाहन 300 फुट गहरी खाई में गिर गया। व्हाइट नाइट कॉर्पस सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इस घटना की जानकारी दी है। पोस्ट में बताया गया है कि पुंछ सेक्टर में एक ऑपरेशन के दौरान सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में पांच सैनिकों की मौत हो गई है। व्हाइट नाइट कोर ने जवानों की मौत पर शोक जताया है। घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और हादसे में घायल हुए जवानों का उपचार किया जा रहा है।
ड्राइवर समेत 10 जवान घायल
घटना के बारे में बताते हुए पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “मंगलवार शाम लगभग 5:40 बजे, 11 मराठा लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट का एक सैन्य वाहन , जो नीलम मुख्यालय से एलओसी के पास बलनोई घोरा पोस्ट की तरफ जा रहा था। वह एक हादसे का शिकार हो गया। उन्होंने बताया कि वाहन करीब 300 से अधिक फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। इस घटना में ड्राइवर समेत 10 जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 11 मराठा लाइट इन्फेंट्री की एक त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) और मनकोट से एक पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंच गया है और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
इससे पहले में सेना के वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबरें आ चुकी हैं। साल 2023 में 29 अप्रैल को राजौरी में सेना की एक एंबुलेंस 200 फुट गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें दो जवानों की मौत हो गई थी। इसी साल 19 अगस्त को भी सेना का एक वाहन 60 फुट गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 9 सैनिकों की मौत हो गई थी।