
-
30 जून को फिर आयोजित होगा किसान दिवस
प्रतापगढ़। Kisan Divas: विकास भवन सभागार में डीएम अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने अपनी समस्याएं और सुझाव खुलकर रखे। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि किसानों एवं आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसे भी पढ़ें- Court News: प्रतापगढ़ में बदला कोर्ट का समय
किसान दिवस की सूचना न मिलने का मुद्दा उठा
बैठक में भारतीय किसान यूनियन महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पम्मी सिंह ने किसान दिवस की सूचना समय पर किसानों तक न पहुंचने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त जानकारी के अभाव में किसानों की भागीदारी कम रहती है, जिससे कार्यक्रम का उद्देश्य प्रभावित होता है। इस पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उप कृषि निदेशक को आगामी किसान दिवस का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा सभी विकास खंडों के किसानों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने दिए मुनादी के निर्देश
डीएम ने सीडीओ डॉ. राममोहन मीना को निर्देशित किया कि 30 जून को पुनः किसान दिवस आयोजित किया जाए। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों में डुग्गी और मुनादी के माध्यम से किसानों को सूचना दी जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन तक पहुंचा सकें।
किसानों से अपील
बैठक में डीएम ने किसानों को जानकारी दी कि प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 20 जून को प्रभारी मंत्री की उपस्थिति में जनपद में एक वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की।
किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें- Digital India: राजस्व अभिलेखों के डिजिटाइजेशन में प्रतापगढ़ बना उप्र. का प्रथम जनपद






Users Today : 64

