
देहरादून। Dehradun Cloudburst: इन दिनों उत्तराखंड में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं कहर बरपा रही हैं। राजधानी देहरादून में भी बीती रात बादल फटने की घटना सामने आई। यहां सहस्रधारा के पास बादल फटने से भारी तबाही मच गई है। बादल फटने के बाद राजधानी की तमसा नदी ने रौद्र रूप ले लिया और टपकेश्वर मन्दिर का शिवलिंग पूरी तरह से पानी में डूब गया। इसके अलावा आसपास की कई दुकानें और होटल पानी में बह गये। इधर मौसम विभाग ने देहरादून, चंपावत, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज बारिश की आशंका जाहिर की गई है।
इसे भी पढ़ें- Ramban Cloud Burst: रामबन में भारी बारिश ने मचाई तबाही, 5 की मौत, हाईवे बंद, CM ने जताया दुःख
दो-तीन लोग लापता

रिपोर्ट के अनुसार, देहरादून में हुई बादल फटने की घटना से यहां बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। यहां मुख्य बाजार में मलबा आ गया है, जिससे कई होटल और दुकानें क्षतिग्रस्त हो गये हैं। वहीं दो से तीन लोगों के लापता होने की भी खबर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, घटना रात करीब 11 बजे के आस पास की है। बादल फटने से सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आ गया और सौ से अधिक लोग उसमें फंस गये, जिन्हें साथ के लोगों ने सकुशल निकाल लिया, लेकिन दो से तीन लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
एसडीआरएफ के रास्ते में बाधा बना मलबा
बताया जा रहा है कि सहस्रधारा में बादल फटने की घटना की जानकारी आपदा कंट्रोल रूम को रात करीब दो बजे मिली, जिसके बाद एसडीआरएफ और फायर टीम को तत्काल घटनास्थल की तरफ रवाना कर दिया गया, लेकिन रास्ते में भारी मात्रा में मलबा इकट्ठा होने की वजह से टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी। सूचना के बाद लोक निर्माण विभाग की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंची और रास्ता खोला गया।
लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह

इधर, तमसा नदी में आई बाढ़ की वजह से राजधानी में स्थित टपकेश्वर मन्दिर में पानी भर गया, जिसे शिवलिंग डूब गया और पूजन-अर्चन का कार्यक्रम बाधित हो गया। पानी भरने की वजह से मन्दिर परिसर को खाली करा दिया गया है। भारी बारिश की वजह से आईटी पार्क के पास भी मलबा आ गया है और सांग नदी का जल स्तर बढ़ गया है। हालात को देखते हुए पुलिस ने आसपास के लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।
आईटी पार्क के पास आया मलबा
राजधानी के हालात के बारे में बात करते हुए स्थानीय पुलिस कर्मियों ने बताया कि, आईटी पार्क के पास अचानक से मलबा आने की घटना रात करीब 12 बजे की है। खबर मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और राहत व बचाव कार्य में जुट गया। मौके पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें आ गई और मलबा हटाने का काम युद्ध स्तर पर किया गया। यहां अभी तक किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।
मजदूरों का घर बहा

इधर, मसूरी के झड़ीपानी इलाके में भी सोमवार देर रात से तेज बारिश हो रही है, जिससे यहां रह रहे मजदूरों का आवास बह गया। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई है और एक गंभीर रूप से घायल है। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों की मदद से मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुःख
इधर, सहस्रधारा में बादल फटने की घटना से हुई तबाही पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दुःख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा है, देहरादून के सहस्त्रधारा में देर रात हुई अतिवृष्टि से कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचने की दुखद सूचना प्राप्त हुई है।
देहरादून के सहस्त्रधारा में देर रात हुई अतिवृष्टि से कुछ दुकानों को नुकसान पहुंचने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।
इस सम्बन्ध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूँ और स्वयं स्थिति की…
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) September 16, 2025
जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं।इस सम्बन्ध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं और स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हूं।
इसे भी पढ़ें- Cloudburst Tragedy in Uttarakhand: उत्तरकाशी के धराली में भारी तबाही, कई मौतें, 50 से अधिक लोग लापता






Users Today : 6

