
-
अध्यक्ष राजस्व परिषद एवं आयुक्त प्रयागराज ने राजस्व अभिलेखों के डिजिटाइजेशन की प्रशंसा
प्रतापगढ़। Digital India: जनपद प्रतापगढ़ के राजस्व अभिलेखों के डिजिटाइजेशन एवं ई-मुआयना प्रणाली के संबंध में जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी द्वारा अध्यक्ष राजस्व परिषद अनिल कुमार एवं आयुक्त प्रयागराज सौम्या अग्रवाल के समक्ष एनआईसी सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा पीपीटी का विस्तृत प्रेजेंटेशन किया गया।
इसे भी पढ़ें- Women’s Day 2026: प्रतापगढ़ में चमकी बेटियों की प्रतिभा, प्रेमलता सिंह ने किया सम्मान
प्रेजेंटेशन में बताया गया कि, जनपद प्रतापगढ़ के राजस्व अभिलेखागार के अभिलेखों हेतु ऑनलाइन पोर्टल pratapgarhror.in विकसित किया गया है। इस पोर्टल पर राजस्व अभिलेखागार में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के अभिलेख जैसे अव्वल, दोयम, सोयम, फसली वर्ष खतौनी, सीएच 41-45 आदि को डिजिटाइज करते हुए पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है।
आम जनमानस द्वारा पोर्टल के माध्यम से अपने ग्राम के राजस्व अभिलेखों का घर बैठे ऑनलाइन मुआयना किया जा सकता है। साथ ही पोर्टल के माध्यम से प्रमाणित नकल प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के निस्तारण की सूचना एसएमएस के माध्यम से आवेदक के पंजीकृत मोबाइल नम्बर पर उपलब्ध करायी जायेगी तथा नकल अधिकतम 03 कार्यदिवस में प्राप्त की जा सकती है।
जनपद प्रतापगढ़ के राजस्व अभिलेखागार के 2,229 ग्रामों के अभिलेखों को डिजिटाइज कर पोर्टल पर उपलब्ध कराया गया है। अब आम नागरिक घर बैठे राजस्व अभिलेखों का ऑनलाइन मुआयना कर सकते हैं तथा अधिकतम 3 कार्यदिवस में प्रमाणित नकल प्राप्त कर सकते हैं।
डीएम ने बताया कि राजस्व अभिलेखों के डिजिटाइजेशन करने के 4 प्रमुख उद्देश्य है जिनमें राजस्व अभिलेखों को अधिक समय तक सुरक्षित बनाये रखना, आम जनमानस को सरलता से राजस्व रिकार्ड को उपलब्ध कराना, जमीनी विवाद कम करना तथा आनलाइन पोर्टल के माध्यम से राजस्व अभिलेखों की नकल की प्रमाणित प्रति शीघ्रता एवं पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाना है।
इस प्रकार के नवाचार किये जाने वाले जनपदों में प्रतापगढ़ के प्रदेश के प्रथम जनपद होने के कारण माननीय अध्यक्ष राजस्व परिषद एवं आयुक्त प्रयागराज द्वारा जिलाधिकारी एवं उनकी टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई तथा इसी प्रकार के और भी नवाचार किये जाने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि यह पोर्टल आम जनमानस को बिना किसी कठिनाई के राजस्व अभिलेखों तक पहुंच प्रदान करता है।
प्रतापगढ़ जनपद ने इस नवाचार में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल जनपद का बल्कि उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस कार्य के लिये तकनीकी सहयोग ई-डिस्ट्रिक मैनेजर पुष्पेन्द्र यादव द्वारा प्रदान किया गया। वीसी के दौरान मुख्य राजस्व अधिकाीर अजय कुमार तिवारी, ई-डिस्ट्रिक मैनेजर पुष्पेन्द्र यादव, राजस्व अभिलेख प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें- Health Care: RBSK की बड़ी पहल, कॉक्लियर इंप्लांट ऑपरेशन के लिए चुने गए 6 बच्चे






Users Today : 4

