Home » क्राइम » Ranya Rao Gold Smuggling Case: जांच के घेरे में नेता, अफसर और पिता… इन सवालों के जवाब तलाशेगी CBI

Ranya Rao Gold Smuggling Case: जांच के घेरे में नेता, अफसर और पिता… इन सवालों के जवाब तलाशेगी CBI

[the_ad id="14540"]
Ranya Rao Gold Smuggling Case

नई दिल्ली। Ranya Rao Gold Smuggling Case: कन्नड़ फिल्म एक्ट्रेस रान्या राव को बीते 3 मार्च को बेंगलुरु स्थित केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 12.56 करोड़ रुपये के मूल्य के 14 किलो सोने की तस्करी करते हुए पकड़ा गया था।  इसके बाद उनके घर की तलाशी ली गई, जहां से 2.06 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और 2.67 करोड़ रुपये की भारतीय मुद्रा बरामद हुई। इस केस में उन्हें 24 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस केस में राजनीतिक कनेक्शन होने की बात सामने आ रही है।

इसे भी पढ़ें- Bangladeshi Intruders: घुसपैठ की कोशिश कर रहे बांग्लादेशियों ने BSF पर किया हमला, एक घायल

उठ रहे ये सवाल 

रान्या के फोन में कई राजनेताओं और पुलिस अफसरों के नम्बर मिले हैं। इनमें वर्तमान और पूर्व मंत्री के नाम हैं। ऐसे में ये आशंका जताई जा रही है कि इन नेताओं और अफसरों को रान्या की गतिविधियों के बारे में पता रहा होगा। हालांकि इस पूरे मामले की जांच राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने की और अब सीबीआई करेगी।  यहां ये सवाल भी उठ रहे हैं कि रान्या हर बार एयरपोर्ट पर जांच से कैसे बच जाती थी? रान्या के सौतेले पिता खुद डीजीपी पद के अधिकारी हैं, क्या उन्हें बेटी की करतूतों के बारे में पता था?  रान्या सोना लेकर आ रही हैं ये जानकारी किसने लीक की?  रान्या की कम्पनी को कैसे  फटाफट सरकारी जमीन की मंजूरी मिल गई? कर्नाटका के कौन-कौन से नेता रान्या राव के सम्पर्क में थे? क्या सीबीआई उन पर भी शिकंजा कसेगी?

गरमाई सियासत

Ranya Rao Gold Smuggling Case

 रान्या के मोबाइल में राजनेताओं के नबंर मिलने से इस मामले में सियासत भी गरमाने लगी है। बीजेपी ने मांग की है कि, कर्नाटक की कांग्रेस सरकार तस्करी रैकेट से जुड़े उस मंत्री का नाम सार्वजनिक करें। प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र का कहना है कि, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया तस्करी रैकेट से कथित रूप से जुड़े मंत्रियों के नामों का खुलासा करें। बीजेपी नेता ने दावा किया कि, रान्या हाल के महीनों में 30 से ज्यादा बार विदेश यात्रा पर गईं और लौटने पर उन्हें पूरा प्रोटोकॉल दिया गया।
IPS अधिकारी की बेटी हैं रान्या
बीजेपी अध्यक्ष का आरोप है कि, एक सीनियर आईपीएस अधिकारी की बेटी होने के चलते रान्या को एयरपोर्ट पर पुलिस एस्कॉर्ट समेत स्पेशल ट्रीटमेंट दिलाया गया। उन्होंने आगे कहा, रान्या को अगर एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच से छूट दी गई थी तो इसमें जरूर मंत्रियों और अन्य शक्तिशाली व्यक्तियों की संलिप्तता हैं। इसमें हवाला ऑपरेटर, सोने की तस्करी करने वाले माफिया, राजनेता, विधायक और पूर्व मंत्री शामिल हैं। ऐसे में अब उनके भी नाम सार्वजनिक किये जाने चाहिए।  बता दें कि एक्ट्रेस रान्या राव आईपीएस अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं। रामचंद्र, वर्तमान में कर्नाटक राज्य पुलिस आवास निगम के पुलिस महानिदेशक के पद पर तैनात हैं।
कांग्रेस के मंत्रियों ने किया हस्तक्षेप

Ranya Rao Gold Smuggling Case

बीजेपी विधायक भरत शेट्टी का दावा है कि जब रान्या पकड़ी गईं तो कांग्रेस सरकार के दो मंत्रियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें कानूनी झमेले से बचाने की पूरी कोशिश की। वहीं अपनी गिरफ्तारी के दौरान रान्या ने भी कई कांग्रेसी मंत्रियों से संपर्क करने का प्रयास किया। ऐसे में अब उन नेताओं के नाम सामने आने चाहिए,  जिनके सपोर्ट से रान्या ये काम कर रही थीं। हालांकि, सीबीआई जांच शुरू हो चुकी है और सच्चाई जल्द ही सबके सामने आ जाएगी। बीजेपी नेता सीटी रवि ने मामले से जुड़े सभी पॉलिटिकल कनेक्शन की जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने रान्या के तस्करी कारोबार से जुड़े 50 लाख रुपये के गिफ्ट की खबरों पर सवाल उठाए हैं। रवि ने इस घोटाले की तुलना केरल में हुए एक ऐसे ही मामले से की और सवाल किया है कि क्या कर्नाटक में भी अब ऐसा ही मामला सामने आ रहा है।

बीजेपी पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप

बीजेपी के आरोपों से घिरी कांग्रेस ने जवाब दिया है कि,  रान्या की फर्म को स्टील प्लांट के लिए जमीन बीजेपी के कार्यकाल में आवंटित की गई थी। कर्नाटक सरकार में मंत्री एमबी पाटिल से स्पष्ट किया कि, रान्या से जुड़ी कंपनी क्षिरोडा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को 12 एकड़ भूमि स्वीकृत की गई थी, लेकिन भूमि कभी आधिकारिक रूप से आवंटित नहीं की गई क्योंकि फर्म जरूरी भुगतान नहीं कर सकी थी। वहीं, कांग्रेस विधायक रिजवान अरशद ने भाजपा पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।

इसे भी पढ़ें- Elvish Yadav Snake Case: फिर बढ़ सकती हैं एल्विश यादव की मुश्किलें, पुलिस करने जा रही है ये काम

जमीन आवंटित करने का आरोप 

उन्होंने सवाल उठाया है कि, कंपनी का ट्रैक रिकॉर्ड ठीक न होने के बावजूद जमीन क्यों आवंटित की गई। उन्होंने कहा, रान्या उद्योगपति हैं या तस्कर? इससे साबित होता है कि बीजेपी की उनसे गहरी सांठगांठ है। कांग्रेस पर आरोप लगाने से पहले उन्हें इन सवालों का जवाब देना चाहिए। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कानूनी सलाहकार एएस पोन्नन्ना का भी कहना है कि , जमीन का आवंटन बीजेपी के कार्यकाल में हुआ था। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र, कांग्रेस के मंत्रियों पर आरोप लगा रहे हैं, तो पहले उन्हें बीजेपी के उस मंत्री के मंत्री के नाम का खुलासा करना होगा, जिसने इस सौदे को मंजूरी दी थी।

कोर्ट में लगाया आरोप

फिलहाल, सीबीआई ने मामले में रान्या राव के खिलाफ केस पंजीकृत कर लिया है और उनके कॉल रिकॉर्ड व अन्य डेटा का एनालिसिस किया जा रहा है। रान्या को कोर्ट में पेश किया जा चुका है। एक्ट्रेस ने कोर्ट में दावा किया कि, अधिकारियों ने उन्हें परेशान किया और जबरदस्ती दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए। उन्होंने आरोप लगाया कि, अधिकारियों ने उन पर अनुपालन करने के लिए दबाव बनाया। वहीं, अधिकारियों ने कोर्ट को बताया कि रान्या पूछताछ में सहयोग नहीं कर रही हैं।

 कौन हैं रान्या

सोने की तस्करी के आरोप में पुलिस हिरासत में ली गईं रान्या राव मॉडल और फ़िल्म एक्ट्रेस हैं। हालांकि, उनका फिल्मी करियर कोई खास नहीं रहा। साल 2014 में कन्नड़ फिल्म ‘माणिक्या’ से अपना एक्टिंग करियर शुरू करने वाली रान्या बमुश्किल तीन साल इस इंडस्ट्री में रही, इसके बाद  उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। फिल्म ‘माणिक्या’ में वे सेकण्ड हीरोइन के रोल में नजर आई थीं। इसके बाद तमिल फ़िल्म ‘वाघा’ में उन्हें लीड रोल मिला। साल 2017 में कन्नड़ फ़िल्म ‘पटाकी’ में भी उन्हें  सेकण्ड हीरोइन का किरदार मिला, लेकिन उनकी इन तीनों ही फिल्मों को कोई खास सफलता नहीं मिली और न ही रान्या को कोई पहचान मिली। इसके बाद उन्हें इंडस्ट्री में काम भी मिलना बंद हो गया।

पिता ने दी सफाई 

Ranya Rao Gold Smuggling Case

रान्या के पकड़े जाने के बाद उनके सौतेले पिता और DGP पुलिस हाउसिंग रामचंद्र राव ने सफाई देते हुए कहा है कि, रान्या की इस हरकत से वे खुद सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि रान्या की शादी के बाद से वे उससे सम्पर्क में नहीं है। रान्या ने जो कुछ भी किया है, उसमें उनकी कोई भूमिका नहीं है। ऐसे में अब सवाल ये उठ रहा है कि रान्या की शादी को महज 4 महीने हुए हैं, जबकि उनका दुबई आना जाना काफी समय से चल रहा है, तो क्या उनके पिता रामचंद्र राव इस बात से भी अंजान थे? क्या उन्होंने अपनी बेटी को प्रोटोकॉल देने के निर्देश एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन को नहीं दिए थे। फ़िलहाल, मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है गई है। इस केस में  DGP पिता की भूमिका है या नहीं ये भी सामने आ जायेगा।

 

इसे भी पढ़ें- लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ी गई नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट, तीन अरेस्ट

Leave a Comment

[the_ad id="14784"]
[the_ad id="14787"]
Modi 3.0 के पहले आम बजट से मिडिल क्लास को मिलेगी राहत?