
नई दिल्ली। Masood Azhar Family: भारत ने पहलगाम हमला का बदला लेने के लिए ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ लांच किया और पाकिस्तान में घुसकर नौ आतंकी ठिकानों को पूरी तरह से तबाह कर दिया है। आतंक के खिलाफ की गई भारत की इस कार्रवाई में आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के परिवार के 10 सदस्यों के मारे जाने की खबर है।
ये भी कहा जा रहा है कि, उसके चार करीबी सहयोगी भी गंभीर रूप से घायल हैं। हालांकि, अभी इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ये खबर बीबीसी और ब्लूमबर्ग की तरफ से आ रही है। बीबीसी और ब्लूमबर्ग की तरफ से आई रिपोर्ट में खुद मसूद अज़हर दावा करता हुआ नजर आ रहा है कि, भारत की इस सैन्य कार्रवाई के उसके परिवार के दस सदस्यों की मौत हो गई है जबकि चार करीबी सहयोगी घायल हैं।
मोस्ट वॉन्टेड आतंकी है मसूद अजहर

आपको बता दें कि, मसूद अज़हर वही मोस्ट वॉन्टेड आतंकवादी है, जिसे अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान आतंकियों ने एक फ्लाइट का अपहरण करके भारत की कैद से छुड़ाया था। भारत ने इस आतंकवादी को कंधार (अफगानिस्तान) में आतंकियों के हवाले किया था।। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, बहावलपुर में मसूद अजहर से जुड़े एक मदरसे पर भारतीय सेना ने सटीक मिसाइल हमला किया।
भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर पर हवाई हमला किया है.
बीबीसी उर्दू संवाददाता उमर दराज नांगियाना ने पाकिस्तान के मुरीदके इलाके से यह रिपोर्ट भेजी है, जहां ऐसा ही एक हमला हुआ है. pic.twitter.com/K19iVZNIBq— BBC News Hindi (@BBCHindi) May 7, 2025
बताया जा रहा है कि, ये ठिकाना जैश-ए-मोहम्मद का प्रमुख केंद्र है। भारत की तरफ से किये गये इस हमले में मसूद अज़हर की बड़ी बहन और अन्य परिवार के सदस्यों सहित उसके कई करीबी मारे गये। हालांकि, मसूद अजहर की स्थिति की स्थिति कैसी है इस बारे में अभी को स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
भारत ने नौ आतंकी ठिकानों को बनाया निशाना
![]()
बीबीसी उर्दू की रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि, भारत ने मंगलवार-बुधवार रात एक बज कर पांच मिनट पर पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में जैश ए मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइलें दागी। इसी हमले में मसूद अज़हर के मदरसे को भी निशाना बनाया गया। बीबीसी उर्दू ने जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख के बयान का हवाला देते हुए बताया कि, भारत की एयर स्ट्राइक में अजहर की बड़ी बहन और उसका पति, उसका भतीजा और उसकी पत्नी, एक और भतीजी और उसके परिवार के पांच बच्चों की भी मौत हो गई है। इनके अलावा, अज़हर का एक करीबी सहयोगी और उसकी मां तथा दो अन्य करीबी सहयोगी भी ढेर हो गये हैं।
मलबे में तब्दील हुआ सुभान अल्लाह कैंप

बता दें कि, बहावलपुर पाकिस्तान का 12वां सबसे बड़ा शहर है और ये लाहौर से 400 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सोशल मीडिया पर आये वहां के एक वीडियो को देखने से साफ़ पता चल रहा है कि, मस्जिद वाला सुभान अल्लाह कैंप मलबे में तब्दील हो गया है। कैंप के अंदर मस्जिद के अवशेष के रूप में बड़े-बड़े गड्ढे नजर आ रहे हैं और हर जगह मलबा ही मलबा दिख रहा है। उस्मान-ओ-अली कैंपस के नाम से जाना जाने वाले ये कैंप 18 एकड़ में फैला है। ये कैंप जैश-ए-मोहम्मद की भर्ती, धन उगाहने और कट्टरपंथियों को भड़काने का केंद्र भी माना जाता है।
मुरीदके भी है जैश का गढ़

भारतीय सेना ने मुरीदके में एक और मस्जिद – मस्जिद वा मरकज तैबा को भी निशाना बनाया। ये भी जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ है। इस हमले में बहावलपुर और मुरीदके में लगभग 30 आतंकवादी मारे गए। जबकि अधिकारी अभी भी अन्य स्थानों पर मारे गए आतंकवादियों की संख्या की पुष्टि कर रहे हैं। बताया जा रहा है 70 से 80 के बीच आतंकवादी मारे गए।
रक्षा मंत्री ने सेना प्रमुखों से की बात

‘ऑपरेशन सिन्दूर’ को लेकर की गई प्रेस कांफ्रेस में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि, पाकिस्तान आतंकियों का सुरक्षित पनाहगाह बना हुआ है। पाकिस्तान की जमीन पर आतंकी न सिर्फ ट्रेनिंग करते हैं बल्कि वहां से उन्हें फंडिंग भी मिलती है। मिसरी ने कहा, “भारत ने ये कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए की है, जो पहलगाम हमले के पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए थी।” सैन्य कार्रवाई के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना के तीनों अंगों के प्रमुखों से बात की और ऑपरेशन की सफलता पर संतोष जाहिर किया।
कई बड़े आतंकी हमलों का है मास्टरमाइंड

उल्लेखनीय है कि, मसूद अजहर, खतरनाक आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का संस्थापक और संयुक्त राष्ट्र द्वारा नामित वैश्विक आतंकवादी है। इसने भारत में कई बड़े आतंकी हमलों की साजिश रची है, जिनमें 2001 में हुआ संसद पर हमला, 2016 में हुआ पठानकोट हमला और 2019 का पुलवामा हमला शामिल है। बता दें कि, पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गये थे। बहावलपुर में स्थित जामिया मस्जिद सुभान अल्लाह परिसर, जो उस्मान-ओ-अली कैंपस के नाम से भी जानी जाती है, ये जैश का प्रमुख भर्ती और प्रशिक्षण केंद्र है। कहा जाता है कि, मसूद अजहर पाकिस्तानी सेना की सुरक्षा में बहावलपुर में ही रहता है।
शाहबाज शरीफ ने की निंदा
पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए की गई भारत की इस सैन्य कार्रवाई की पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने निंदा की और इसे “युद्ध की कार्रवाई” करार दिया। उन्होंने कहा, पाकिस्तान के पास इसका “माकूल जवाब” देने का अधिकार है। उधर, पाकिस्तानी मीडिया का दावा है कि, इस हमले में 26 नागरिक मारे गए हैं और 46 घायल हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ, भारत ने स्पष्ट किया कि, उसने केवल आतंकी ठिकानों पर ही हमला किया है। उसके हमले से पाकिस्तान की सैन्य सुविधाएं प्रभावित नहीं हुई।
इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी बयान जारी कर कहा, वह भारत-पाकिस्तान की स्थिति पर लगातार नजर बनाये हुए हैं और दोनों देशों के नेतृत्व के साथ शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत करेंगे। उन्होंने दोनों देशों के बीच जल्द ही तनाव खत्म होने की उम्मीद जताई।
इसे भी पढ़ें- Operation Sindoor: पाकिस्तान में 100 KM तक घुसा भारत, आतंकियों को मिलाया मिट्टी में






Users Today : 26

