
नई दिल्ली। Gujarat Earth Quake: गुजरात के राजकोट जिले के कई इलाकों में आज भूकंप के झटके महसूस किए गए। ये झटके जेतपुर, धोराजी, उपलेटा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में महसूस किये गये।
6:19 बजे आया पहला झटका

बताया जा रहा है कि, पहला झटका शुक्रवार को सुबह करीब 6:19 बजे आया। इसके बाद से साढ़े आठ बजे तक सात बार झटके आये। बार-बार आ रहे भूकंप के झटकों के देखते हुए एहतियात के तौर पर स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई। वहीं, लोग भी घर-बार छोड़कर खेतों की तरफ भाग गये।
इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च (ISR) से मिले डेटा के मुताबिक, राजकोट में शुक्रवार की सुबह भूकंप के कई झटके महसूस किए गए, लेकिन सबसे तेज झटका सुबह 6:19 बजे आया, जिसकी तीव्रता 3.8 आंकी गई, इसके बाद से लेकर सुबह 8:34 बजे तक कुल 7 बार झटके महसूस किये गये।
सुबह 6:19 से 8:34 बजे तक कब-कब लगे झटके
- 06:19 बजे: 3.8 तीव्रता का भूकंप (सबसे तीव्र भूकंप)
- 06:56 बजे: 2.9 तीव्रता का भूकंप
- 06:58 बजे: 3.2 तीव्रता का भूकंप
- 07:10 बजे: 2.9 तीव्रता का भूकंप
- 07:13 बजे: 2.9 तीव्रता का भूकंप
- 07:33 बजे: 2.7 तीव्रता का भूकंप
- 08:34 बजे: एक और झटका महसूस हुआ
सड़कों और खेतों की तरफ भागे ग्रामीण

इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च द्वारा जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि, इन सभी भूकंप के झटकों का केंद्र उपलेटा से 27 से 30 किलोमीटर दूर पूर्व-उत्तर (ईएनई) दिशा में रिकॉर्ड किया गया। भूकंप की गहराई जमीन से 6.1 किलोमीटर से लेकर 13.6 किलोमीटर के बीच आंकी गई। आईएसआर के अनुसार, इससे पहले, कल यानी गुरुवार की रात करीब 8:43 बजे भी इस क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता 3.3 तीव्रता रही।
लगातार आ रहे झटकों से डरे सहमे ग्रामीण सड़कों और खेतों की तरफ भाग गये हैं। हालांकि राहत की बात ये है कि, भूकंप के झटकों की वजह से अभी तक किसी भी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।






Users Today : 7

